पूर्वांचल
दूसरे दिन भी बरामद हुआ 17 लाख का गांजा, एक तस्कर गिरफ्तार
भदोही। जनपद पुलिस की निगाह इन दिनों अवैध मादक पदार्थ की तस्करी पर टिक गई है। सोमवार को सुबह भदोही कोतवाली पुलिस ने धौरहरा-जौनपुर बार्डर पर दौरान चेकिंग एक ट्रक में छुपाकर रखे लगभग 17 लाख के गांजा को बरामद करते हुए ट्रक समेत जौनपुर के तस्कर को गिरफ्तार भी कर लिया।
लोगों में बात नहीं पच पा रही है कि आखिरकार वाराणसी-प्रयागराज मुख्य हाईवे समेत उत्तरी-दक्षिणी बार्डरों को जोड़ने वाली सहायक मार्गों से इस तस्करी का खेल कितने दिनों से चल रहा है। रविवार को सुबह ही उंज और स्वाट टीम ने हाईवे की पश्चिमी सीमा पर लगे कांवरिया बैरिकेडिंग के पास जांचोपरांत दो लग्जरी कारों में 50 लाख कीमत के लदे दो क्विंटल गांजा पकड़ा था और अंतर प्रांतीय पांच तस्करों पर शिकंजा कसने में देर नहीं की थी। दो दिनों से लगातार अवैध गांजा की भारी मात्रा में तस्करी का राज क्या है समझ से परे है।
एसपी मीनाक्षी कात्यायन ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम लगाने के लिए पुलिस टीमें सक्रिय की गई हैं। सावन माह में और सख्ती का परिणाम है कि तस्करी के लिए ले जाये जाने वाले गांजा के साथ तस्करों की सामत आ रही है।
पुलिस के हाथ लगे तस्कर ने कहा कि आर्थिकए भौतिक लाभ के लिए उड़ीसा से सस्ते दामों पर उक्त गांजा को खरीद कर जौनपुर में महंगे दाम पर बिक्री करने वाला था। ट्रक पर पांच बोरियों में भरे 67 किलोग्राम से अधिक गांजा पुलिस की निगाह से आगे नहीं बढ़ सका।
तस्कर राकेश गिरी निवासी कोटीगांव गोसाईपुर रामपुर-जौनपुर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। नाजायज गांजा और ट्रक की कुल कीमत 37 लाख आंकी जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक विष्णुकांत मिश्रा, बृजेश कुमार राय, मुख्य आरक्षी अमित गुप्ता, आरक्षी उमेश कुमार, राम सरोज, अंकुश भारती, महिला आरक्षी नीतू गिरी शामिल रहे।
