पूर्वांचल
सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत, परिजनों में कोहराम
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के डिग्घी गांव के पास स्कार्पियो की चपेट में आने से बाइक सवार अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य बरहनी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन इलाज शुरू होते ही अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अगले दिन परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
जानकारी के अनुसार, धीना थाना क्षेत्र के मचवा गांव निवासी सुदर्शन बिंद (53 वर्षीय ) शनिवार को बाइक से किसी काम के लिए धीना गए थे। काम खत्म कर वह वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान अभी वह डिग्घी गांव के पास पहुंचे थे कि अमड़ा की तरफ से आ रहे स्कार्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने खराब हालत देख तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई।
घटना की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से मृतक की पत्नी लालमुनि और पांच बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
