पूर्वांचल
जनसमस्याओं पर बिफरे कांग्रेसी,प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
भदोही। अघोषित विद्युत कटौती और नहर का पानी टेल तक न पहुंचने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर डीएम के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। साथ ही चेतावनी दिया कि समस्याओं का समाधान विभागवार अविलंब नहीं हो सका तो आगे की रणनीति संघर्षात्मक होगी। पार्टी जिलाध्यक्ष डाक्टर राजेंद्र दुबे राजन ने कहा कि प्रकृति के बिगड़े मिजाज में विद्युत विभाग के साथ किसानों को तकनीकी खेतीबारी से सुदृढ़ बनाने वालों का रवैया दिनोंदिन बिगड़ता ही जा रहा है। भरपूर बारिश न होने के कारण लघु एवं सीमांत किसान जहां सिंचाई के लिए परेशान हैं तो अघोषित कटौती से सिंचाई संसाधन नहीं चल पा रहे हैं। कहने के लिए कृषि क्षेत्रों आत्मनिर्भर बनाने में तीन-चार विंग कार्यरत हैं लेकिन समय आने पर सभी का सिस्टम धराशाई होकर रह जाता है। असहनीय गर्मी में पेयजल का संकट दूर होने का नाम नहीं ले पा रहा है, असहनीय गर्मी का सितम यह कि घरों के अंदर जीवन-यापन करना मुश्किल हो चुका है। नहर विभाग दंभ भरता है कि मुख्य नहर सहित राजवाहा, माइनरों की साफ-सफाई कराकर गत वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष क्षमता से अधिक पानी छोड़ा गया है लेकिन किसानों के खेतों और टेल तक पानी नहीं पहुंचता। यही स्थिति विद्युत विभाग का है कि बीते दिनों में उपकरणों की क्षमताओं में हुई वृद्धि कटौती व लो वोल्टेज की प्राथमिकता गिना रहे हैं। दर्जनों की संख्या में उपस्थित पार्टीजनों ने सरकार विरोधी नारेबाजी कर विद्युत कटौती को रोकने और नहरों का पानी टेल तक पहुंचाने की आवाज बुलंद की। इस मौके पर माबूद खान, वसीम अंसारी, मुशीर इकबाल, हसनैन अंसारी, मसूद आलम, नाजिम अली, हरिश्चंद्र दूबे, सुबुक्तगीन अंसारी, शमशीर अंसारी, सुरेश चौहान, सरफराज अंसारी, दीपक पांडेय, विमलेश पाल, मनीष दूबे, शिवपूजन मिश्रा, जफर अंसारी, शक्ति मिश्रा आदि रहे।
