पूर्वांचल
कांवरियों की सेवा से बढ़कर कोई पुण्य नहींःश्यामधर
भदोही। सावन माह की बयार अब परवान चढ़ने लगी है। शिविरों में उमड़ रही कांवरियों की अपार भीड़ से पूरा क्षेत्र शिवमय होकर गुंजायमान है। डीघ ब्लाक के कोइरौना बाजार में आस्था जनकल्याण सेवा संस्थान की ओर चल रहे शिविर में कांवरियों को निःशुल्क प्रसाद, स्वास्थ्य सुविधाएं, गर्म पानी, तीनों समय चाय-नाश्ता के भरपूर इंतजाम को क्षेत्रवासियों ने सराहने में कसर नहीं रखा। संस्थान के डाक्टर श्यामधर वर्मा ने कहा कि कांवरियों की सेवा से बढ़कर कोई पुण्य नहीं है। संस्थान प्रत्येक वर्षों की तरह इस वर्ष भी शिविर का संचालन कर अपनी जिम्मेदारियों का दायित्व पूरी निष्ठा के साथ जारी रखा है। यही कारण भी है कि प्रयागराज से जल लेकर बाबा सेरामधनाथ, तिलेश्वरनाथ सहित अन्य प्राचीन मंदिरों, देवालयों में जलाभिषेक करने वाले शिविर का भरपूर लाभ ले रहे हैं। कांवरियों के सेवाभाव में डाक्टर विष्णु कुमार गौड़, पंकज कुमार, मनोज कुमार सहित स्थानीय सभ्रांतजनों का योगदान यादगार बना रहेगा।
