वाराणसी
पिकअप की टक्कर से महिला श्रद्धालु घायल, कांवड़ियों ने हाईवे किया जाम
वाराणसी। सावन के महीने में पहले प्रदोष को काशी विश्वनाथ को जल चढ़ाने जा रहे कांवड़ियों की आरक्षित लेन में अचानक से आकर एक पिकअप ने भदोही के माधोसिंह की रहने वाली सरिता देवी नामक महिला को टक्कर मार दी। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने टड़िया, मोहनसराय में वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे जाम कर दिया। पिकअप चालक पास के ही स्थित एक कार के शोरूम में घुस गया। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने कार के शोरूम पर दो बार पथराव किया। कार शोरूम के कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सूचना पाकर वरुणा जोन के एडीसीपी सरवणन टी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। कांवड़िया पुलिस विरोधी नारेबाजी करते हुए पिकअप के मालिक को बुलाकर सरिता के इलाज के लिए दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। पुलिस ने समझाकर शांत कराना चाहा तो सभी पिकअप चालक के शोरूम से बाहर न निकलने की बात कह कर दोबारा पथराव करने लगे। पुलिस ने किसी तरह से सभी को शांत कराया और पिकअप मालिक को बुलाकर सरिता को उपचार के लिए 25 हजार रुपये दिलाए। इसके बाद कांवड़ियां शांत हुए और प्रदर्शन खत्म कर वहां से चले गए।
