वाराणसी
पकौड़ी विक्रेता की हत्या में चार गिरफ्तार
व्यावसायिक प्रतिद्वंदी ने फूल प्रूफ प्लानिंग के तहत की पकौड़ी विक्रेता की हत्या
वाराणसी के लोहता थाने की पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक प्रूफ और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 27 जून की रात हुए कैलाश प्रजापति नामक पकौड़ी विक्रेता की हत्या के मामले में चार अभियुक्तों को रविवार की दोपहर में सरदार पैट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार करते हुए घटना का खुलासा किया।
पुलिस ने इन अभियुक्तों के पास से 6600 रूपये नगद और घटना में प्रयुक्त 4 मोबाइल भी बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद सभी अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन ने 20 हजार नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर अभियुक्त राजन प्रजापति ने बताया कि, मैं कोरौता बाजार में शिव मंदिर के पास रसेदार पकौड़े का ठेला लगाता हूं और मेरे ठीक बगल में कैलाश प्रजापति भी रसेदार पकौड़े का ठेला लगाता था। फिर भी ज्यादातर ग्राहक उसके ठेले पर ही खाते थे। जिसकी वजह से मुझे हमेशा घाटा होता था। मैंने 1 साल पहले भी कैलाश प्रजापति को पिटवाया था, ताकि वह डर के मारे ठेला लगाना बंद कर दे। लेकिन फिर भी वह नहीं माना। इसलिए मैंने उसे रास्ते से हटाने की प्लानिंग कर ली थी और इस हत्या में मैंने तीन अन्य लोगों को शामिल किया। यह सौदा 3 लाख रुपये में तय हुआ था और मैंने एडवांस के तौर पर तीनों आरोपियों को 5-5 हजार दिया था।
