वाराणसी
हीट वेव ले रहा लोगों की जान, अस्पताल में मरीजों की संख्या देख डॉक्टर्स हलकान
वाराणसी। गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। वाराणसी में पारा रोजाना 44 से 47°C के बीच रह रहा है। ऐसे में अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लगी हुई है। रविवार को पारा 49°C दर्ज किया गया, जो सर्वाधिक रहा। शिव प्रसाद मंडलीय जिला चिकित्सालय में रोजाना 500 से अधिक मरीज इमरजेंसी में देखे जा रहे हैं। डॉक्टर के अनुसार, उल्टी, दस्त और चक्कर की शिकायत के साथ पहुंच रहे हैं, जिन्हें तुरंत इलाज दिया जा रहा है।वहीं अस्पताल में मौत के आंकड़ों की बात करें तो 1 जून से 14 जून तक अस्पताल में 35 मौतें हुई हैं। इसमें 17 लोग अज्ञात थे।

डॉक्टर के अनुसार, इसमें गर्मी से कितने लोगों की मौत हुई यह कहना मुश्किल है। वहीं 15 जून शनिवार को अभी तक वाराणसी में चार मौतें हुई हैं। जिसमें दो की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इमरजेंसी में ड्यूटी कर रहे डॉक्टर डॉ. वीके सिंह ने बताया कि, ज्यादातर मरीज फीवर, उल्टी, दस्त और पेट दर्द से परेशान होकर आ रहे हैं। सभी को ड्रिप लगाई जा रही है। ज्यादा दिक्कत होने पर उन्हें एडमिट किया जा रहा है।

इमरजेंसी वार्ड में सुबह से ही भीड़ लगी हुई है। इमरजेंसी वार्ड के अलावा स्ट्रेचर पर भी मरीजों का इलाज हो रहा है। स्ट्रेचर पर इलाज करवाने वाले ज्यादातर दर्शनार्थी हैं। जो श्री काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन को आये थे और अत्यधिक गर्मी से चक्कर खा कर बेहोश हो गए जिसके बाद उन्हें न्यास की एम्बुलेंस से अस्पताल लाया गया था। इसमें तेलंगाना के 4 मरीज भी भर्ती हैं।
इंचार्ज डॉक्टर वीके सिंह ने बताया कि, दिन भर ज्यादातर मरीज गर्मी से परेशान होकर ही आ रहे हैं। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक 30 से ज्यादा मरीज आ चुके हैं। इनमें ज्यादातर उल्टी, दस्त, फीवर और पेट दर्द से परेशान ही मरीज हैं। मरीजों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दी जा रही है। साथ ही ओआरएस काउंटर से उन्हें ओआरएस भी दिलवाया जा रहा है।
