वाराणसी
डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा घायल
वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र में रविवार सुबह वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित किया।

थाना प्रभारी विद्या शंकर शुक्ला ने प्रारंभिक जांच के अनुसार बताया कि, बाइक सवार को रौंदते हुए डंपर लेकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर (बीआर 45 जीबी 0936) को चालक सहित ढकवा के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक पकड़ लिया। मृतक छोटू पुत्र राम कुमार (34) गांव डेढ़गांवा गाजीपुर का रहने वाला था। वह अपने साथी बजरंगी मौर्या पुत्र अशोक मौर्या के साथ वाराणसी देर शाम माला फूल खरीदने आया था।
रविवार सुबह अपने बाइक से माला फूल लेकर अपने घर गाजीपुर वापस जा रहा था। जैसे ही दोनों बाइक सवार उगापुर हाईवे के पास पहुंचे थे। इस दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार युवक छोटू की मौके पर ही मौत हो गई। साथी बजरंगी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक घर पर ही रहकर माला फूल सजावट का काम करता था।
