सियासत
चंद्रबाबू नायडू ने चौथी बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, पवन कल्याण बने डिप्टी सीएम
आंध्र प्रदेश। तेलुगू देशम पार्टी (TDP) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली। चंद्रबाबू नायडू और उनके बेटे नारा लोकेश तथा अभिनेता से नेता बने जन सेना प्रमुख के. पवन कल्याण समेत उनके पूरे मंत्रिपरिषद ने पूर्वाह्न करीब 11:27 बजे शपथ ली।

बता दें कि,चंद्रबाबू नायडू ने राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में चौथी बार शपथ ली है। इसके अलावा, जनसेना पार्टी के चीफ और साउथ एक्टर पवन कल्याण ने आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पद की शपथ ले ली है। पवन कल्याण की पार्टी ने आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और 21 में से 21 सीटें जीती है। पवन कल्याण का टीडीपी और बीजेपी के साथ गठबंधन है।


राज्य के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने चंद्रबाबू नायडू और उनके मंत्रिपरिषद को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। यहां से करीब 16 किलोमीटर दूर गन्नावरम हवाई अड्डे के सामने केसरपल्ली गांव के पास भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और नितिन गडकरी सहित अन्य शामिल हुए। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नायडू ने मंच पर पीएम मोदी के साथ गले मिले। शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल तमिलसाई सुंदरराजन, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, बंदी संजय, के. राम मोहन नायडू, लोकप्रिय फिल्म नायक रजनीकांत, के. चिरंजीवी, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम और पूर्व मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना भी मौजूद रहे।
