वाराणसी
करेंट से झुलसे लाइनमैन ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में दो जून को ट्रांसफार्मर पर काम करते समय करंट से झुलसे प्राइवेट लाइनमैन की ककरमत्ता स्थित एक हॉस्पिटल में सोमवार की रात में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शिवपुर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। लाइनमैन की मौत से अन्य कर्मचारियों में रोष है।

जानकारी के अनुसार, रोहनिया थाना क्षेत्र के घमहापुर गांव निवासी अरविंद पटेल 35 वर्ष कोटवां विद्युत उपकेंद्र पर प्राइवेट लाइनमैन के रूप में कार्य करता था, दो जून को अरविंद छितौनी गांव में 11 बजे कर्मचारियों के साथ ट्रांसफार्मर पर कार्य करते समय अचानक करंट आ गया था। हादसे में करंट से झुलसकर अरविंद नीचे आ गिरा था। साथी लाइनमैन ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, हालत में सुधार ना होने से उसने दम तोड़ दिया। लाइनमैन की मौत की सूचना से अन्य कर्मचारियों में रोष में है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट – प्रवीण सिंह
