सियासत
आरोप मत लगाइए, किसी को जिम्मेदार मत ठहराइए : सुशील सिंह
चंदौली। लोकसभा चुनाव में बीजेपी का ‘अबकी बार 400 पार’ के नारे के बावजूद 300 से भी कम सीटें मिलने के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। चंदौली से भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेंद्रनाथ पाण्डेय की हार के बाद लगाए जा रहे आरोपों पर सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह ने संगठन को कटघरे में खड़ा किया है। एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि, जब सारी जिम्मेदारी जिले के माननीय विधायकों ओर माननीय राज्यसभा सांसदों की है तो संगठन का क्या काम ? समीक्षा करिए, आरोप मत लगाइए। हार से सीखना है किसी को जिम्मेदार नहीं बनाना है। अनावश्यक टिप्पणी करने से बेहतर है अपनी-अपनी कमियों पर ध्यान देते हुए उन कमियों को सुधारा जाए, अभी भी समय है।

बता दें कि, लोकसभा चुनाव में चंदौली से भाजपा के उम्मीदवार महेंद्र नाथ पाण्डेय को समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह ने करारी शिकस्त दी। भाजपा प्रत्याशी जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सपा के मुकाबले पीछे रहे। सैयदराजा में हार का अंतर थोड़ा कम रहा, लेकिन सकलडीहा और मुगलसराय विधानसभाओं में भी सपा की अच्छी-खासी बढ़त रही। इसकी वजह से बीजेपी प्रत्याशी को 21 हजार से अधिक वोटों से हार का मुंह देखना पड़ा। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से सटी चंदौली लोकसभा में मिली बड़ी हार के बाद इसका ठीकरा अब विधायकों व जिले की दो राज्यसभा सांसदों पर फोड़ा जा रहा है। विधायकों व राज्यसभा सांसदों पर तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। जिसकी वजह से सैयदराजा,चंदौली से भाजपा के विधायक सुशील सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
