वाराणसी
रेलवे स्टेशन पर खोया बालक बरामद, परिजनों के खिले चेहरे
वाराणसी। सोमवार को कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में एक 5 वर्षीय बालक सुंदरम के लापता होने की सूचना पर जीआरपी की तत्परता और कुशलता ने एक परिवार को बड़ी राहत दी। पुलिस ने महज कुछ घंटे के अंदर ही बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सुंदरम अपने मामा श्यामल कुमार यादव उर्फ गुड्डू के साथ ट्रेन नं. 15231 गोदिया बरौनी एक्सप्रेस से वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर आया था। वे बीएचयू अस्पताल में डॉक्टर एस.पी. शर्मा को दिखाने के लिए वाराणसी पहुंचे थे। ट्रेन से उतरने के बाद, श्यामल और सुंदरम रेलवे स्टेशन के सरकुलेटिंग एरिया में सो गए थे। सुबह उठने पर, श्यामल ने देखा कि सुंदरम लापता हो गया है। इस पर श्यामल ने तुरंत जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक को सूचना दी।

सूचना मिलते ही, प्रभारी निरीक्षक ने टीम के साथ मिलकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों की मेहनत के बाद, जीआरपी टीम ने सुंदरम को रेलवे स्टेशन के पूछताछ हाल से सकुशल बरामद कर लिया। बालक को पाकर उसके मामा श्यामल कुमार यादव और परिवार वालों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने जीआरपी के इस त्वरित और सफल कार्यवाही की काफ़ी प्रशंसा की।
इस घटना ने पुलिस की तत्परता और जनता की सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाया है। जीआरपी की इस सफल कार्यवाही ने रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है और आम जनता का पुलिस पर विश्वास बढ़ाया है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हेमन्त सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश सरोज समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
