वाराणसी
हीट वेव ने ली रिक्शा चालक की जान

वाराणसी। लालपुर थाना के पांडेयपुर चौकी अंतर्गत हुकुलगंज ताड़ीखाना तिराहे के पास रोड के किनारे ठेले पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक रिक्शा चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रिक्शा चालक की मौत गर्मी के वजह से हुई है। जबकि पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा। मृतक युवक मूल रूप से गाजीपुर के बहरियाबाद क्षेत्र का रहने वाला था और वाराणसी में रहकर रिक्शा चलाता था। पुलिस मृतक व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाते हुए उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मृतक के शव को मोर्चरी में रखा गया है और अगले 72 घंटे तक परिजनों का इंतजार किया जाएगा। यदि परिजनों से संपर्क नहीं हो पाता है तब पुलिस ही शव का अंतिम संस्कार करेगी।
