वाराणसी
पत्नी ने बीजेपी को दिया वोट तो पति ने कर दी पिटाई
वाराणसी। नियारडीह, चोलापुर की रहने वाली पेशे से एक महिला नर्स ने चोलापुर थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि, 1 जून को लोकसभा के अंतिम चरण के मतदान के लिए उसके पति विक्रम श्रीवास्तव ने वोट देने के लिए अपने गांव नियार लेकर गए। वोट देते जाते समय उन्होंने मुझसे कहा कि, “कांग्रेस को वोट देना।” जब मैं मतदान करके वापस लौटी तो उन्होंने पूछा, “किसे वोट दी हो ?” जब मैंने बताया कि, मैंने भाजपा को वोट दिया है। तब उन्होंने अपने घर ले जाकर मुझे लात-घूसों से खूब पीटा और मुझे थप्पड़ भी मारा।

मैंने जब इस घटना की सूचना अपने पिता को दी तो वह इलाज कराने के लिए मुझे हॉस्पिटल लेकर गए। उन्होंने जब मेरे पति से इस बारे में पूछा तब मेरे पति ने उनके ऊपर गड़ासे से हमला करने का प्रयास किया लेकिन मैंने और मेरे बेटे ने उन्हें बचा लिया। इसके बाद मेरे पति ने मुझे और मेरे पिता को धमकी देते हुए कहा कि, “जल्द ही तुम दोनों का काम तमाम करूंगा।”
मेरा पति नशेड़ी प्रवृत्ति का है और आये दिन शराब, गांजा तथा हेरोइन का नशा करता है। इसके अलावा हेरोइन की भी बिक्री करता है। कुछ महीने पहले पुलिस ने घर पर छापा मारा था। अतः मेरा पुलिस प्रशासन से निवेदन है कि मेरे पति विक्रम श्रीवास्तव पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने की कृपा करें।
