वाराणसी
वाराणसी में 56.35% हुआ मतदान, मौसम ने भी दिया वोटरों का साथ
लोकसभा के सातवें और अंतिम चरण का मतदान अंततः सकुशलता के साथ संपन्न हो गया। वाराणसी में शाम 6 बजे तक 56.35% मतदान हुआ। वाराणसी में कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय ने मतदान किया। वहीं मंत्री रविंद्र जायसवाल ढोल नगाड़ों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। उन्होंने अपने परिवार के साथ वोट डाला। उनके अलावा मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु भजन-कीर्तन करते हुए मतदान करने पहुंचे थे।

इसके अलावा वोट देने आए कुछ प्रमुख बूथों पर काशीवासियों का ढोल नगाड़े के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान वाराणसी में दोपहर का मौसम ज्यादातर जगहों पर हल्की बदरी का रहा जिसके फलस्वरुप लोगों को वोट देने में आसानी हुई।

बात करें विधानसभावार आंकड़े की तो शहर उत्तरी में 54.55% शहर दक्षिणी में 57.7% कैंट में 51.47% , सेवापुरी में 60.93%, रोहनिया में 58.77, शिवपुर में 63.53% अजगरा में 65.63% वोटिंग हुई है। वाराणसी लोकसभा में 5 विधानसभा क्षेत्र में कुल 1909 बूथ बनाए गए थे। काशी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार भाजपा के प्रत्याशी हैं। उनके सामने कांग्रेस के अजय राय और बसपा के अतहर जमाल लारी मैदान में हैं।
