वाराणसी
वाराणसी में वोटिंग जारी – अजय राय, रविंद्र जायसवाल समेत कई नेताओं ने लोकतंत्र के चुनावी पर्व में लिया भाग
वाराणसी। लोकसभा के सातवें और अंतिम चरण का मतदान वाराणसी में शनिवार को हो रहा है। लोकसभा सीट वाराणसी में सात प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 1997578 मतदाता करेंगे। सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरु हुआ। सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने वाराणसी के रामनगर में सपत्नीक वोट डाला। वोटिंग के बाद उन्होंने कहा, यह मेरा अधिकार और कर्तव्य दोनों है। दोनों का निर्वाहन कर मुझे बहुत खुशी हो रही है।

वहीं वोटिंग करने के बाद इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में मेरी भागीदारी सुनिश्चित हुई। मेरा मत… लोकतंत्र व संविधान के नाम, मेरा मत… काशी की परंपरा व संस्कृति के नाम।
वाराणसी में प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल ढोल- नगाड़ों के साथ जुलूस लेकर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के अपने मतदान स्थल पर पहुंचे। जहां मतदान में 45 मिनट की हो रही देरी पर नाराजगी जताई। जिसके बाद पहुंचे सेक्टर मजिस्ट्रेट ने जांचोपरांत मतदान शुरु करवाया।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर नागेपुर, मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ विधानसभा क्षेत्र शहर दक्षिणी अंतर्गत हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के बूथ संख्या 146 पर अपने परिवार के साथ मतदान किया। शहर दक्षिणी विधायक डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने कन्या प्रा०पू० मा० विद्यालय संकुलधारा में अपने मतदान का प्रयोग किया। इसके अलावा विधायक कैंट सौरभ श्रीवास्तव कंपोजिट विद्यालय महमूरगंज के मतदान केंद्र पर और एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा रोहनियाँ कंचनपुर के बूथ पर वोट डाला।

