Connect with us

वाराणसी

मतदान केंद्र पर गायब थी बिजली, मतदान कर्मियों ने अपनाया शानदार तरीका

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। हरहुआ क्षेत्र के पलिया शंभूपुर कंपोजिट विद्यालय में बने मतदान केंद्र में शुक्रवार देर शाम तक बिजली ही नहीं थी, जबकि पूरे गांव में आपूर्ति थी। वहीं मतदानकर्मियों ने इस मामले की शिकायत के लिए जब जिला निर्वाचन अधिकारी से संपर्क साधा। तब मामले का संज्ञान लेते हुए निर्वाचन अधिकारी ने तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया।

इसके बाद विभाग ने उक्त मतदान केंद्र की जांच कराई। हालांकि यह समस्या विद्यालय के इंटरनल वायरिंग की थी, जिसके कारण आपूर्ति नहीं थी। खैर, बिजली विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल कराई। इसके बाद वहां पर मतदान संबंधित गतिविधियां शुरू हो पाईं व कर्मचारियों को इस भीषण गर्मी में राहत मिली। इसपर मतदान कर्मियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी और बिजली विभाग का आभार जताया।

प्रत्येक जिले में विशेष कंट्रोल रूम -उधर, पूर्वांचल डिस्काम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार ने मतदान को लेकर निर्देश जारी करते हुए कहा कि, प्रत्येक जिले में विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। इसमें उपखंड अधिकारी के स्तर के अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी व जेई प्रत्येक फाल्ट/ब्रेकडाउन/वितरण परिवर्तकों के क्षतिग्रस्तता के बारे में पूर्ण विवरण के साथ कंट्रोल रूम को अवगत कराएंगे।

संवेदनशील स्थान के नजदीक ट्राली ट्रांसफार्मर को रखा जाए ताकि न्यूनतम समय में आपूर्ति सामान्य की जा सके। साथ ही क्षतिग्रस्त वितरण परिवर्तकों को भी न्यूनतम समय में बदलने का निर्देश दिया है। इसके अलावा सभी विद्युत उपकेंद्रों पर आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है। ताकि किसी उपकरण के खराब होने पर तत्काल बदला जा सके।

उन्होंने कहा कि, प्रत्येक अधिकारी 1912 पर प्राप्त शिकायतों को तत्काल न्यूनतम समय में निस्तारित करेंगे। निर्देश दिया है कि विभाग के सभी अधिकारी जिला प्रशासन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों व अन्य सूचना देने वाले व्यक्तियों के साथ सतत संपर्क व समन्वय बनाकर आपूर्ति का फीडबैक लेंगे। जिन क्षेत्रों में अधिक व्यवधान हो रहा है उन क्षेत्रों के फीडर, वितरण परिवर्तकों पर विशेष ध्यान देना होगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page