Connect with us

वाराणसी

वाराणसी : चार विश्वविद्यालय और छह प्रमुख कॉलेजों में जीरो एडमिशन ने उठाएं शिक्षा व्यवस्था पर सवाल

Published

on

Loading...
Loading...

चार विश्वविद्यालयों वाले वाराणसी शहर में छह से आठ प्रमुख कॉलेज हैं। मगर, सर्व विद्या की राजधानी बीएचयू से लेकर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और इनसे जुड़े संबद्ध कॉलेजों में अब तक एक भी एडमिशन नहीं हो पाया है। बीएचयू में (सीयूईटी कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट) के जरिये एडमिशन होना है, इसलिए यहां स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीयूईटी के रिजल्ट का इंतजार हो रहा है। वहीं, काशी विद्यापीठ के मुख्य परिसर में प्रवेश प्रक्रिया अभी शुरू भी नहीं हो पाई है। 30 मई से 15 जून तक ऑनलाइन परीक्षा आवेदन की अवधि तय की गई है। काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों ने आवेदन लेने शुरू कर दिए हैं, लेकिन वहां भी अब तक एक भी दाखिला नहीं हुआ है।

यूपी कॉलेज में 5529 आवेदन – बनारस के प्रमुख कॉलेज उदय प्रताप महाविद्यालय (यूपी कॉलेज) में आवेदन के लिए 31 मई अंतिम तिथि है। यहां यूजी-पीजी की 2711 सीटों पर प्रवेश के लिए 10 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन चल रहे हैं। बुधवार तक 7505 रजिस्ट्रेशन के साथ 5529 फॉर्म भरे जा चुके थे। बीएससी (कृषि) की 165 सीटों के लिए 1000 आवेदन पत्र आ गए हैं। यहां बीएससी एजी में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं का रुझान ज्यादा दिखा। इसके अलावा स्नातकोत्तर में एमएससी जूलॉजी में प्रवेश के लिए 200 आवेदन आए हैं। प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अंतिम तिथि के बाद 15 जून तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद जुलाई के पहले सप्ताह में प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी।

हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में 5500 फॉर्म भरे गए – काशी की पहचान से जुड़े हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज की यूजी-पीजी की 2567 सीटों के लिए 20 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन चल रहा है। बुधवार तक यहां कुल 5500 आवेदन आ चुके थे। बीए के लिए 1800, बीकॉम के लिए 1250, बीएससी बायो के लिए 500, मैथ के लिए 350 और एमकॉम के लिए 450 आवेदन आए। यहां लॉ में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राओं में रुझान ज्यादा है। लॉ की 320 सीटों के लिए 1600 आवेदन आ चुके हैं। प्राचार्य प्रो. रजनीश कुंवर ने बताया कि जुलाई में प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। इसके बाद दाखिला होगा।

अग्रसेन में 300 रजिस्ट्रेशन, अभी दाखिला नहीं – विद्यापीठ से जुड़े श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में स्नातक और परास्नातक की लगभग 1500 सीटों लिए बुधवार तक 300 रजिस्ट्रेशन हो चुके थे। यहां 13 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ज्यादातर आवेदन परंपरागत बीए पाठ्यक्रम के लिए आए हैं। प्राचार्य प्रो. मिथलेश सिंह ने बताया कि शुरुआती दौर में छात्राओं का ज्यादा झुकाव प्रोफेशनल कोर्स की तरफ रहता है। वे परंपरागत पाठ्यक्रमों को बाद में वरीयता देते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरे जून माह चल सकती है। इसके बाद दाखिले लिए जाएंगे।

बीएचयू से संबद्ध कॉलेज व बरकछा परिसर में प्रवेश के लिए सीयूईटी रिजल्ट का इंतजार – इसके अलावा बरकछा परिसर समेत डीएवी कॉलेज, वसंत महिला महाविद्यालय, वसंत कन्या महाविद्यालय और आर्य महिला पीजी कॉलेज काशी हिंदू विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं। इनकी प्रवेश प्रक्रिया बीएचयू के अनुसार चलती है। बीएचयू में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले सीयूईटी का रिजल्ट आने के बाद शुरू होंगे। इसलिए इन कॉलेजों में अब तक एक भी एडमिशन नहीं हुआ है। बीएचयू के पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन चल रहा है। रजिस्ट्रेशन तीन जून तक होना है। इसके बाद दाखिले शुरू होंगे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page