Connect with us

सियासत

राबर्ट्सगंज से बीजेपी के पूर्व सांसद छोटेलाल खरवार होंगे सपा के प्रत्याशी

Published

on

Loading...
Loading...

सोनभद्र। सोमवार 13 मई को चौथे चरण का मतदान होना है। ऐसे में‌ लंबे इंतजार के बाद अंततः रॉबर्ट्सगंज लोकसभा सीट पर सपा ने रविवार को उम्मीदवार घोषित कर दिया। पूर्व सांसद छोटेलाल खरवार को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। वर्ष 2014 में भाजपा के टिकट पर जीते छोटेलाल ने करीब 15 दिन पहले ही सपा का दामन थामा है। उन्हें टिकट देकर पार्टी ने रॉबर्ट्सगंज लोकसभा के साथ दुद्धी विधानसभा के उपचुनाव के समीकरणों को साधते हुए बड़ा दांव खेला है।

मूल रूप से चंदौली जिले के नौगढ़ निवासी छोटेलाल खरवार ने वर्ष 2014 में इसी लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। तब उन्होंने तत्कालीन सांसद और सपा प्रत्याशी पकौड़ी लाल कोल को हराया था। वर्ष 2019 में भाजपा ने यह सीट अपना दल-एस के पाले में दे दी। तब छोटेलाल का टिकट काटकर अपना दल ने पकौड़ी लाल कोल को प्रत्याशी बनाया था। तभी से ही छोटेलाल का मन परिवर्तित हो गया। टिकट कटने के बाद से ही छोटेलाल असंतुष्ट थे।

Loading...

इसके बाद उन्होंने विधानसभा और फिर नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव में अपनी पत्नी के टिकट के लिए दावेदारी की, लेकिन बात नहीं बनी। इस बार लोकसभा के लिए भी उन्होंने दावा पेश किया था, मगर सीट फिर अपना दल के पाले में चली गई। इसके बाद से छोटेलाल ने सपा में संपर्क बढ़ाते हुए टिकट की इच्छा जाहिर की। बताते हैं कि पार्टी नेतृत्व ने छोटेलाल का टिकट पहले ही पक्का कर दिया था। बस एनडीए उम्मीदवार के इंतजार में घोषणा बाकी थी। इस बीच मिर्जापुर में टिकट को लेकर मची खींचतान के कारण राबर्ट्सगंज सीट को भी होल्ड पर रख दिया गया था।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page