वाराणसी
काशी में 75वें गणतंत्र दिवस पर आयोजनों की धूमः कमिश्नरी में मंडलायुक्त-कलक्ट्रेट पर डीएम ने फहराया तिरंगा
आजादी की क्रांति और गणतंत्र में भागीदार काशी शुक्रवार को देश का 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। शहर से लेकर गांव तक गणतंत्र दिवस की धूम है। सरकारी से लेकर प्राइवेट संस्थाओं में तिरंगा शान से लहराया तो जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। वहीं महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्थित भारत माता मंदिर में सुबह 9:30 बजे एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा द्वारा ध्वजारोहण किया गया।



पुलिस लाइन में 9 बजे कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने आयोजित भव्य परेड की सलामी ली और झंडा फहराया, उसके बाद कमिश्नरेट के पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया। इसके अलावा कमिश्नरी परिसर में मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा और कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी एस राजलिंगम राष्ट्रीय ध्वज को फहराए। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित भी किया। शहर के तमाम स्कूलों में भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। काशी के तमाम प्रसिद्ध सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगे के कलर में रंग-बिरंगे झालरों से सजावट की गई थी जिसमें कैंट स्टेशन, बनारस रेलवे स्टेशन प्रमुख रहा।
