बलिया
गोवंश तस्करी में वांछित आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पकड़ी (बलिया):
पकड़ी थाने की पुलिस ने गोवंश तस्करी के एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे अभियुक्त को मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीते 1 नवंबर 2026 को गोवध निवारण अधिनियम के तहत थाना क्षेत्र में मुकदमा संख्या 115/26 दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस लगातार वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। मंगलवार की सुबह उपनिरीक्षक राजधर यादव अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछितों की तलाश में निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने सुबह करीब 7:30 बजे डकिनगंज छोटी नहर के पास घेराबंदी कर आरोपी अजय प्रताप कुशवाहा (41) पुत्र स्व. चन्द्रदेव सिंह कुशवाहा (निवासी: बड़ागांव, थाना मनियर) को धर दबोचा।
पुलिस पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस सनसनीखेज गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजधर यादव के साथ पकड़ी थाने के अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे। क्षेत्र में पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
