Connect with us

भदोही

जनगणना-2027 को लेकर खमरिया में निकली जागरूकता रैली, स्व-गणना के लिए लोगों को किया प्रेरित

Published

on

Loading...
Loading...

16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे मकान और परिवार का विवरण, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

भदोही। जनगणना-2027 को लेकर आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को औराई तहसील के खमरिया स्थित रामजीवन लाल इंटर कॉलेज के सामने जनजागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी शैलेष कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अधिकारियों-कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से लोगों को जनगणना में भागीदारी और स्व-गणना की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिला जनगणना अधिकारी तथा उप जिलाधिकारी और अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में निकाली गई रैली में बच्चों ने बैनर और पोस्टर के माध्यम से लोगों को जनगणना के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान नागरिकों से स्व-गणना अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।

प्रशासन के अनुसार, 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना अभियान चलेगा। इस दौरान नागरिक आधिकारिक पोर्टल http://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और मकान से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने के बाद मिलने वाली आईडी को सुरक्षित रखना होगा, ताकि मकान की गणना के दौरान प्रगणक को यह जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

Advertisement

इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर मकान और परिवार से संबंधित विवरण एकत्र करेंगे। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित समय में स्व-गणना पूरी करने और प्रगणकों को सही एवं पूरी जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि देश की विकास योजनाओं और भविष्य की नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने लोगों से स्वयं स्व-गणना करने के साथ ही अपने पड़ोसियों और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

रैली के माध्यम से प्रशासन ने जनपद के प्रत्येक परिवार तक जनगणना-2027 की जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

संदेश: सही गणना, सशक्त भारत; जनगणना में भागीदारी, विकास की जिम्मेदारी।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page