Connect with us

भदोही

28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी, किसानों को सतर्क रहने की सलाह

Published

on

Loading...
Loading...

तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका; तैयार फसलों की कटाई कर सुरक्षित रखने की अपील

भदोही, 27 अक्टूबर। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को भदोही समेत प्रदेश के कई जनपदों में तेज झोंकेदार हवाओं के साथ गरज-चमक, वज्रपात और भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी पत्र तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ के 23 अक्टूबर के मौसम बुलेटिन के आधार पर किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उप कृषि निदेशक ने जारी की कृषि संबंधी सलाह

मौसम की चेतावनी को देखते हुए उप कृषि निदेशक डॉ. राम प्रवेश ने जनपद के किसानों से फसलों और कृषि उत्पादों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कटाई के लिए तैयार फसलों की जल्द से जल्द कटाई कर लें, ताकि बारिश और तेज हवाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

कटी हुई फसलों को सुरक्षित एवं ढके हुए स्थानों पर रखें। संभव हो तो मड़ाई के बाद अनाज को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें। किसानों को खेतों में भराई और पलेवा का कार्य 29 अक्टूबर के बाद करने की सलाह दी गई है।

पशुओं को पेड़ों के नीचे न बांधें

आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने की अपील की गई है। किसानों को सलाह दी गई है कि पशुओं को खुले स्थान या पेड़ों के नीचे न बांधें। इसके अलावा सब्जियों की बुवाई करने वाले किसान 29 अक्टूबर तक बुवाई का काम स्थगित रखें।

Advertisement

खेतों में जल निकासी की व्यवस्था रखें

जिन खेतों में फसलों की बुवाई हो चुकी है, वहां अत्यधिक बारिश से जलभराव होने की स्थिति में तत्काल पानी निकालने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इससे फसलों को संभावित नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी।

उप कृषि निदेशक डॉ. राम प्रवेश ने किसानों से मौसम चेतावनी को गंभीरता से लेने और कृषि कार्यों की योजना उसी के अनुरूप बनाने की अपील की है। उन्होंने फसलों, कृषि उत्पादों और पशुधन की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने पर जोर दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page