भदोही
महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सीतामढ़ी आश्रम में गूंजा अखंड रामायण और सुंदरकांड का पाठ
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्वान आचार्यों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित, भक्तिमय रहा माहौल
भदोही। आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के पावन अवसर पर 26 अक्टूबर 2026 को सीतामढ़ी स्थित लव-कुश वाल्मीकि आश्रम में अखंड रामायण पाठ एवं सुंदरकांड का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। विद्वान आचार्यों ने संस्कृत में अखंड रामायण का पाठ किया, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरी तन्मयता और आस्था के साथ सुना।

महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को किया याद
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, उनके आदर्शों तथा रामायण के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर श्रद्धा व्यक्त की गई। आयोजन के दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, दर्शनार्थी और भक्तगण मौजूद रहे।
विद्वान आचार्यों का हुआ सम्मान
आयोजन के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अखंड रामायण एवं सुंदरकांड पाठ संपन्न कराने वाले विद्वान आचार्यों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
