गाजीपुर
विजयादशमी पर करहियां में सजा कुश्ती का अखाड़ा, यूपी-बिहार के पहलवानों ने दिखाया दमखम
सेवराई गाजीपुर। विजयादशमी के शुभ अवसर पर ग्राम सभा करहियां स्थित बड़का खलिहान में रामलीला कमेटी की ओर से पारंपरिक दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और बिहार के पहलवानों ने हिस्सा लेकर अपने दांव-पेच और दमखम का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल 11 जोड़ी पहलवानों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान पहलवानों को अंगवस्त्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोज सिंह दादा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मकसूदन सिंह दादाजी उपस्थित रहे। पुरस्कार वितरण पूर्व आर्मी कैप्टन राम प्यारे सिंह दादा, रामलीला में परशुराम की भूमिका निभाने वाले कलाकार भृगुनाथ सिंह दादा तथा पूर्व आर्मी मेजर और सेवानिवृत्त अधिकारी राजा उपाध्याय के हाथों किया गया।
दंगल को सफल बनाने में करहियां के नचक सिंह, प्रधान प्रतिनिधि अजय सिंह, मंटू यादव, नईम अंसारी सहित कई गणमान्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका दलसागर खरवार निवासी करहियां और पुलिस के पहलवान विपिन कुमार यादव ने संयुक्त रूप से निभाई।
वहीं, ध्रुव कुमार सिंह मास्टर साहब और स्वर्गीय बबी सिंह के पुत्र बचवा ने मंच से उपस्थित लोगों का अभिवादन किया। कार्यक्रम का संचालन भी किया गया। पारंपरिक दंगल के आयोजन से क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और लोगों ने कुश्ती प्रतियोगिता का आनंद लिया।
