वाराणसी
नगर आयुक्त ने परखी विसर्जन की तैयारियां, संकुलधारा और कुरुक्षेत्र पोखरे का किया निरीक्षण
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम अलर्ट, नगर आयुक्त ने लिया तैयारियों का जायजा
वाराणसी। दुर्गा पूजा के मद्देनजर मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संकुलधारा के समीप निर्मित कृत्रिम तालाब और अस्सी स्थित कुरुक्षेत्र पोखरे का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी कार्य समय से और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।




प्रकाश व्यवस्था और विसर्जन मार्ग पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने विसर्जन स्थलों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और तालाब तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और रात में भी आवागमन सुरक्षित व सुगम बना रहे।
स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा प्राथमिकता
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को धार्मिक स्थलों की स्वच्छता, सुंदरता और गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक आस्था और परंपराओं का सम्मान करते हुए श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र सहित जेई सिविल, आलोक विभाग और एसएफआई के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को मौके पर आवश्यक सुधार कराते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
