बलिया
बांसडीह से 2027 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में वीरेंद्र पाठक ‘टुन जी’
शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और किसानों की खुशहाली को बताया प्राथमिकता, क्षेत्र में विकास का नया अध्याय शुरू करने का दावा
बलिया। बांसडीह विधानसभा क्षेत्र से सात बार विधायक रहे प्रदेश सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री स्व. बच्चा पाठक के भतीजे और पेशे से इंजीनियर एवं ठेकेदार वीरेंद्र पाठक उर्फ ‘टुन जी पाठक’ ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर दावेदारी पेश करने की तैयारी की है। उन्होंने क्षेत्र के विकास, युवाओं को रोजगार और किसानों की समस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।
युवाओं के पलायन पर रोकने पर जोर
वीरेंद्र पाठक ने कहा कि बांसडीह क्षेत्र से युवाओं का पलायन रोकना और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना के माध्यम से युवाओं को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ने, सस्ती चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और बुनियादी ढांचे में सुधार पर जोर दिया जाएगा।
किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने का दावा
उन्होंने कहा कि बांसडीह में फल और सब्जियों का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है, लेकिन पर्याप्त कोल्ड स्टोरेज की व्यवस्था नहीं होने से किसानों को अपनी उपज कम कीमत पर बेचनी पड़ती है। अवसर मिलने पर भंडारण की बेहतर व्यवस्था और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता होगी।
भाजपा नेतृत्व से समर्थन की उम्मीद
वीरेंद्र पाठक ने बांसडीह को अपनी जन्मभूमि बताते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों से उन्हें परिवार के सदस्य जैसा स्नेह और सम्मान मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का समर्थन मिलने पर वह क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखने का प्रयास करेंगे।
