Connect with us

गाजीपुर

एनएचएम संविदा कर्मचारियों का तीन दिवसीय धरना शुरू

Published

on

Loading...
Loading...

नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन

गाजीपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों का तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में शुरू हुआ। इसमें जिला मुख्यालय के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात संविदा कर्मचारी शामिल हुए।

धरने का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र शेखर सिंह ने नारेबाजी के साथ किया। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी कर्मचारियों ने अपनी और परिवार की चिंता किए बिना स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में योगदान दिया। वर्तमान में टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन, संचारी एवं गैर-संचारी रोग नियंत्रण तथा विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों के संचालन में भी उनकी भूमिका है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण तथा समान कार्य के लिए समान वेतन और वर्तमान वेतन में वृद्धि की मांग की। इसके अलावा चिकित्सा उपचार के लिए कैशलेस सुविधा, महंगाई भत्ता, ग्रेच्युटी, रिक्त पदों पर दंपती अथवा पारिवारिक आधार पर स्थानांतरण, सेवा काल में मृत्यु होने पर आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मचारियों का जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजन तथा नियमित पदों की भर्ती में कम से कम 25 प्रतिशत सीटों का कोटा निर्धारित करने की मांग रखी गई।

जिला समन्वयक टीबी डॉ. मिथिलेश सिंह ने बताया कि मांगों को लेकर 5, 6 और 7 अक्टूबर को कर्मचारियों ने काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध किया था। अब 8, 9 और 10 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।

Advertisement

जिला उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद ने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक वार्ता नहीं हुई तो 12 अक्टूबर से प्रदेश के विभिन्न जिलों के संविदा कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

धरना प्रदर्शन में डॉ. एसके साहनी, भारतभूषण श्रीवास्तव, रियाज सुल्तान, सोनू शर्मा, विशाल राय, संदीप पांडेय, मिथिलेश कुमार सिंह, संजय यादव, अभिषेक राय, समा परवीन, डॉ. आरके वर्मा, डॉ. अभिषेक यादव, ऋषि यादव, रोमा मिश्रा, सरोज बाला चौधरी, ज्योत्स्ना राय, डॉ. सूफिया, अमृता राय, विमला स्वर्णकार, राधेश्याम, अनिल, सुनील, आशीष श्रीवास्तव, डेजी कुमारी और ममता कुमारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page