भदोही
भदोही में 20 वर्षीय युवती को बंधक बनाने का आरोप
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
कई महीनों तक छत पर रखने का आरोप, बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
भदोही (जयदेश)। भदोही शहर में एक 20 वर्षीय युवती को उसके पिता द्वारा कथित तौर पर कई महीनों तक घर की छत पर बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती को पर्याप्त खाना-पानी नहीं दिया गया, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई। शरीर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को बरामद किया।
गंदगी के बीच मिली युवती, पानी मांगती रही
जानकारी के अनुसार युवती को एक बंद मकान की छत पर टीनशेड के नीचे जमीन पर रखा गया था। पुलिस के पहुंचने पर वह गंदगी के बीच पड़ी मिली। उसकी शारीरिक हालत बेहद खराब बताई गई है। पुलिस ने उसे किसी तरह नीचे उतारा और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। बताया गया कि एंबुलेंस में युवती ने करीब डेढ़ लीटर पानी पीया। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।
कुपोषण और गंभीर हालत की बात
बताया जा रहा है कि लंबे समय तक पर्याप्त भोजन और पानी नहीं मिलने से युवती कुपोषण की शिकार हो गई। उसके शरीर के निचले हिस्से में गंभीर घाव और संक्रमण की स्थिति बताई गई है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है और हालत गंभीर बताई जा रही है।
15 वर्षीय भाई ने पिता पर धमकाने का लगाया आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी पिता की पहचान 50 वर्षीय नन्हकू मोदनवाल के रूप में हुई है। बताया गया कि उसकी तीन शादियां हुई थीं। दूसरी पत्नी से 20 वर्षीय बेटी और 15 वर्षीय बेटा है। दूसरी पत्नी की करीब पांच वर्ष पहले मौत हो गई थी। युवती के 15 वर्षीय भाई ने आरोप लगाया कि पिता उसे भी धमकाकर चुप करा देते थे और इसी डर से वह अपनी बहन की मदद नहीं कर पाता था।
पिता हिरासत में, जांच जारी
पड़ोसियों के मुताबिक घर से कई दिनों से दुर्गंध आ रही थी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। युवती को किस परिस्थिति में इतने लंबे समय तक इस हालत में रखा गया और घटना के पीछे अन्य कारण क्या हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।
