भदोही
एनएच-731बी पर पेड़ों की थालियों के निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप
स्थानीय लोगों ने तीन नंबर की ईंटों के इस्तेमाल का लगाया आरोप, गुणवत्ता जांच की मांग
भदोही (जयदेश)। राष्ट्रीय राजमार्ग-731बी के किनारे लगाए गए पेड़ों की सुरक्षा के लिए बनाई जा रही थालियों के निर्माण में मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है। लोगों का कहना है कि थालियों के निर्माण में तीन नंबर की ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो गुणवत्ता के लिहाज से कमजोर मानी जाती हैं।
घटिया सामग्री से निर्माण पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि निर्माण में कमजोर सामग्री का इस्तेमाल इसी तरह जारी रहा तो पेड़ों के पूरी तरह तैयार होने से पहले ही थालियां टूटकर बिखर सकती हैं। इससे पौधरोपण और उनके संरक्षण के उद्देश्य पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं। लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
अधिकारियों से मौके पर जांच की मांग
बताया गया कि एनएच-731बी के किनारे पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। स्थानीय लोगों पंकज, रवि, अरविंद और दिलीप पांडे आदि ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया तो सरकारी धन का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जांच में यदि अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए मानकों के अनुरूप निर्माण कराया जाए, ताकि पेड़ों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके।
