राज्य-राजधानी
एयरटेल के सभी पोस्टपेड प्लान पर अब मुफ्त अंतरराष्ट्रीय रोमिंग
8 अक्टूबर से लागू होगी सुविधा, हर साल एक अंतरराष्ट्रीय यात्रा में मिलेगा 5 दिन का रोमिंग पैक
नई दिल्ली। भारती एयरटेल ने अपने पोस्टपेड ग्राहकों के लिए नए प्लान लॉन्च करने की घोषणा की है। 8 अक्टूबर 2026 से इन प्लान के तहत ग्राहकों को हर साल एक अंतरराष्ट्रीय यात्रा के दौरान मुफ्त रोमिंग की सुविधा मिलेगी। इसके साथ पोस्टपेड प्लान में मिलने वाले मौजूदा लाभ भी जारी रहेंगे।
5 दिन के मुफ्त पैक में मिलेंगी ये सुविधाएं
मुफ्त अंतरराष्ट्रीय रोमिंग पैक में 5 जीबी डेटा, 60 मिनट की कॉलिंग, 25 आउटगोइंग एसएमएस और मुफ्त इनकमिंग एसएमएस शामिल होंगे। पैक की वैधता पांच दिन रहेगी। ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा के दौरान इस पांच दिन के पैक को सक्रिय कर सकेंगे। पोस्टपेड फैमिली प्लान में शामिल प्रत्येक सदस्य को भी यह मुफ्त रोमिंग सुविधा मिलेगी।
5G फास्ट लेन और स्पैम से सुरक्षा
एयरटेल के अनुसार, पोस्टपेड प्लान में मुफ्त अंतरराष्ट्रीय रोमिंग के अलावा 5G पर फास्ट लेन तकनीक, अनलिमिटेड डेटा तथा स्पैम और धोखाधड़ी वाले लिंक से नेटवर्क-स्तरीय सुरक्षा जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। ग्राहकों को मनोरंजन से जुड़े कई सब्सक्रिप्शन और एयरटेल पोस्टपेड एडवांटेज क्लब के तहत कॉमेडी शो, फिल्म प्रीमियर और कॉन्सर्ट जैसे विशेष अनुभवों का लाभ भी मिलेगा।
मौजूदा ग्राहक आसानी से कर सकेंगे अपग्रेड
भारती एयरटेल के डायरेक्टर-मार्केट ऑपरेशंस अमित त्रिपाठी ने कहा कि कंपनी पोस्टपेड ग्राहकों को बेहतर नेटवर्क, सुरक्षा, मनोरंजन और अन्य सुविधाओं के साथ बेहतर अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुफ्त अंतरराष्ट्रीय रोमिंग को जोड़ने से ग्राहकों को एयरटेल पोस्टपेड चुनने का एक और कारण मिलेगा।
एयरटेल ऐप और स्टोर से मिलेगा नया प्लान
8 अक्टूबर से नए पोस्टपेड प्लान सभी नए ग्राहकों के लिए उपलब्ध होंगे। मौजूदा पोस्टपेड और प्रीपेड ग्राहक एयरटेल ऐप या नजदीकी एयरटेल स्टोर के माध्यम से इन प्लान में अपग्रेड कर सकेंगे। वहीं, नए ग्राहक एयरटेल ऐप पर रिक्वेस्ट भेजकर या एयरटेल स्टोर जाकर पोस्टपेड सेवा ले सकेंगे।
