Connect with us

गोरखपुर

सहजनवां ब्लॉक प्रमुख कवलदीप चौहान के निधन से राजनीतिक गलियारे में शोक

Published

on

Loading...
Loading...

65 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, पीड़ियाघाट पर हुआ अंतिम संस्कार; जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने दी श्रद्धांजलि

गोरखपुर। सहजनवां ब्लॉक प्रमुख कवलदीप चौहान (65) का मंगलवार भोर में आकस्मिक निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। सोमवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए गोरखपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। निधन की खबर मिलते ही सहजनवां क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ब्लॉक कर्मचारी, शुभचिंतक और क्षेत्रवासी उनके आवास पर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।

कवलदीप चौहान का जन्म सहजनवां ब्लॉक के ग्राम सभा झकही में हुआ था। छात्र जीवन से ही उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा से जुड़ाव रहा। भाजपा ने उन्हें ब्लॉक प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया था, जिसके बाद वह निर्विरोध निर्वाचित हुए। सरल, सहज, मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के कारण वह क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते हुए उन्होंने लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखा।

कवलदीप चौहान अपने पीछे तीन पुत्र और तीन पुत्रियों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके सबसे छोटे पुत्र अजय अविवाहित हैं और खजनी भाजपा मंडल में मंत्री के पद पर हैं। उनका अंतिम संस्कार पीड़ियाघाट पर किया गया, जहां बड़े पुत्र लक्ष्मीनारायण ने मुखाग्नि दी।

ब्लॉक प्रमुख के निधन पर ब्लॉक परिसर के सभागार में बीडीओ सत्यकाम तोमर की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान ब्लॉक कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Advertisement

उनके निधन पर सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ल, खजनी विधायक श्रीराम चौहान, एमएलसी प्रतिनिधि धर्मेंद्र त्रिपाठी, जुगुनू दुबे, प्रमुख प्रतिनिधि विकास सिंह, खजनी मंडल अध्यक्ष अवध बिहारी मिश्र, सहजनवां मंडल अध्यक्ष सूर्यनाथ विश्वकर्मा, मदन मुरारी उर्फ गुड्डू और जिला महामंत्री राजाराम कन्नौजिया समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त किया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page