चन्दौली
सोनभद्र से नौगढ़ पहुंची सेवा संकल्प यात्रा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
‘वडनगर से वाराणसी—एक यात्रा, सेवा के नाम’ का जगह-जगह स्वागत, एक दर्जन लोगों ने ली भाजपा की सदस्यता
नौगढ़। गुजरात के वडनगर से वाराणसी के लिए निकली ‘वडनगर से वाराणसी—एक यात्रा, सेवा के नाम’ सेवा संकल्प यात्रा सोमवार को सोनभद्र के रास्ते नौगढ़ पहुंची। जनपद चंदौली की सीमा में तिवारीपुर बाजार पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत कुमार उर्फ सूड्डू सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से यात्रा का भव्य स्वागत किया।
यात्रा का उद्देश्य जल, जन और सेवा संकल्प के 25 वर्षों की उपलब्धियों तथा सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। क्षेत्रीय कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र प्रकाश साहनी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नौगढ़ बाजार में भी यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के स्वागत को लेकर क्षेत्र में जगह-जगह तैयारियां की गई थीं। यात्रा के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब एक दर्जन लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं और सेवा कार्यों का संदेश पहुंचाया जा रहा है।
क्षेत्रीय कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र साहनी ने कहा कि यात्रा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और सेवा भाव का संचार करेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम में संयोजक राकेश मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वजीत सिंह खरवार, आशीष रघुवंशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष भगवानदास अग्रहरि, रामजी केशरी, मालिक गोंड सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
