राज्य-राजधानी
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सपा ने बदले प्रत्याशी
आकाश अग्रवाल और संजयन त्रिपाठी को टिकट
अखिलेश यादव ने दोनों नेताओं का पार्टी में किया स्वागत, पूर्व प्रत्याशियों की सहमति से हुआ बदलाव
लखनऊ (जयदेश)। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने प्रत्याशियों में बदलाव किया है। आगरा शिक्षक क्षेत्र से डॉ. आकाश अग्रवाल और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजयन त्रिपाठी को प्रत्याशी घोषित किया गया है। दोनों नेताओं ने शनिवार को सपा की सदस्यता ग्रहण की।
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दोनों नेताओं का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि आगरा शिक्षक क्षेत्र में पूर्व घोषित प्रत्याशी प्रकाश चंद्र गुप्ता की जगह डॉ. आकाश अग्रवाल और गोरखपुर-फैजाबाद खंड में कमलेश यादव की जगह डॉ. संजयन त्रिपाठी चुनाव लड़ेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रत्याशियों में बदलाव दोनों पूर्व प्रत्याशियों की सहमति से किया गया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में एकजुट होकर मेहनत करने की अपील की।
सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी के लिए त्याग करने वाले नेताओं का सम्मान बना रहेगा और समय आने पर उन्हें उचित जिम्मेदारी दी जाएगी। प्रत्याशियों में बदलाव के बाद दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में सपा की चुनावी तैयारियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
