चन्दौली
वन भूमि पर कब्जे की कोशिश नाकाम, पंपिंग सेट जब्त
पौधरोपण को नुकसान पहुंचाकर खेती की तैयारी का आरोप, वन विभाग की टीम को देखकर संदिग्ध फरार
नौगढ़, चंदौली। जयमोहनी वन रेंज की धौठवा बीट में वन भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास को वन विभाग की टीम ने विफल कर दिया। आरोप है कि वर्ष 2026-27 में कराए गए पौधरोपण को नुकसान पहुंचाकर जमीन को खेती के लिए तैयार किया जा रहा था। मौके पर पानी चलाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा पंपिंग सेट वन विभाग ने जब्त कर लिया।
पौधों को नुकसान पहुंचाकर खेती की तैयारी
प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर के निर्देश पर वन अपराधों की रोकथाम के लिए निगरानी की जा रही है। इसी दौरान शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि जयमोहनी रेंज की धौठवा बीट के कम्पार्टमेंट शिकारगंज-17 में पौधों को नष्ट कर वन भूमि पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
टीम को देखकर आरोपी फरार
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव के अनुसार, मौके पर पंपिंग सेट से पानी चलाकर वन भूमि को खेत के रूप में तैयार किया जा रहा था। वन विभाग की टीम को देखकर आरोपी तैयब पुत्र नूर मोहम्मद, निवासी तकिया, जनपद सोनभद्र, मौके से फरार हो गया। वनकर्मियों ने पंपिंग सेट बरामद कर रेंज कार्यालय पहुंचाया, जहां उसे सीज कर दिया गया।
दोबारा कराया जाएगा पौधरोपण
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि वन अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। जिस स्थान पर पौधों को नुकसान पहुंचाया गया है, वहां दोबारा पौधरोपण कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिशों को रोकने के लिए आगे भी सघन अभियान चलाया जाएगा।
वन विभाग की टीम रही मौजूद
कार्रवाई करने वाली टीम में वन दरोगा सोमेश कुमार, विशाल चन्द्र, वन रक्षक चन्द्रशेखर, प्रमोद कुमार, प्रेम सिंह, मुलायम सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे।
