वाराणसी
जीवनदीप महाविद्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता व सेवा की शपथ
वाराणसी। बड़ा लालपुर स्थित जीवनदीप महाविद्यालय के सभागार में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. इन्द्रेश चंद्र सिंह सहित सभी विभागाध्यक्षों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। मुख्य वक्ता एवं संस्थान की वाइस चेयरमैन डॉ. अंशु सिंह ने अधिकारियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को स्वच्छता एवं निःस्वार्थ सेवा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर डॉ. अंशु सिंह ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का अवसर है। उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के विचारों को आत्मसात करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यों का जिम्मेदारी से पालन करके ही सशक्त राष्ट्र और जिम्मेदार नागरिक का निर्माण किया जा सकता है।
समारोह में बीटीसी की छात्राओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन-दर्शन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन शिक्षा विभाग की छात्रा रागिनी यादव ने किया। अंत में प्राचार्य ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान रजिस्ट्रार नंदलाल यादव, उप-प्राचार्य अमित कुमार सिंह, शिक्षा विभाग की डॉ. नंदा द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, प्रवक्तागण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
