भदोही
जिला कारागार ज्ञानपुर का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
सुरक्षा, साफ-सफाई, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
भदोही। प्रभारी जिला जज डॉ. अमित वर्मा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बुधवार को जिला कारागार ज्ञानपुर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था के साथ बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी।
बैरकों और परिसर का किया भ्रमण
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की विभिन्न बैरकों और परिसर का भ्रमण किया। साफ-सफाई, पेयजल, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के साथ बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बंदियों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था में शिथिलता न बरतें
कारागार परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
शिक्षा और कौशल विकास पर जोर
संबंधित विभागीय अधिकारियों को बंदियों के कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
