गाजीपुर
एथलीटों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीते चार पदक
विशाल, अंकिता और गोलू का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन, अर्पिता ने भी जीता कांस्य
बहरियाबाद (गाजीपुर)। जनपद के नवोदित एथलीटों ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। बरेली में 26 और 27 सितंबर को आयोजित अंडर-23 राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पदक अपने नाम किए।

1500 मीटर में विशाल और अंकिता ने जीता रजत
गाजीपुर एथलेटिक्स संघ के सचिव डॉ. रुद्रपाल यादव ने बताया कि पुरुष वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में विशाल राजभर और महिला वर्ग में अंकिता विश्वकर्मा ने रजत पदक हासिल किया। वहीं 200 मीटर दौड़ में अर्पिता सिंह ने कांस्य पदक जीता।
गोला प्रक्षेप में गोलू को रजत
गोला प्रक्षेप प्रतियोगिता में गोलू यादव ने रजत पदक प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की संघ पदाधिकारियों ने सराहना की।

तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विशाल राजभर, गोलू यादव और अंकिता विश्वकर्मा का चयन अंडर-23 राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन जयपुर में होगा।
सिंथेटिक ट्रैक नहीं होने से खिलाड़ियों को परेशानी
कोच नागेंद्र यादव ने बताया कि गाजीपुर में सिंथेटिक ट्रैक नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ता है। अर्पिता हरियाणा में, जबकि विशाल राजभर और अंकिता विश्वकर्मा पीजी कॉलेज गाजीपुर में प्रशिक्षण लेते हैं। उन्होंने कहा कि आसपास के कई जिलों में सिंथेटिक ट्रैक बन चुके हैं, लेकिन गाजीपुर में इसके अभाव से खिलाड़ियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

जल्द ट्रैक मिलने का आश्वासन
जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए जिले में जल्द सिंथेटिक ट्रैक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर गाजीपुर एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद यादव, प्लानिंग कमेटी चेयरमैन काशी यादव, क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह समेत संघ के अन्य पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
