Connect with us

गोरखपुर

20 वर्षों से बदहाल है ग्राम पंचायत बुधहट का रास्ता

Published

on

Loading...
Loading...

गणेश शुक्ला के घर से यादव टोला जाने वाला मार्ग कीचड़ और गंदगी से पटा, शिकायत के बावजूद नहीं हुई मरम्मत

हरपुर बुदहट (गोरखपुर)। ग्राम पंचायत बुधहट में विकास के दावों के बीच गणेश शुक्ला के घर से यादव टोला की ओर जाने वाला मार्ग करीब 20 वर्षों से बदहाल पड़ा है। रास्ते पर कीचड़ और गंदगी जमा रहने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश में और बिगड़ जाती है स्थिति

ग्रामीणों का आरोप है कि बरसात के दिनों में रास्ते की स्थिति और भी खराब हो जाती है। कीचड़ के कारण लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है। सामान्य दिनों में भी मार्ग पर गंदगी और कीचड़ जमा रहने की समस्या बनी रहती है।

ग्रामीणों के अनुसार इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन अब तक मार्ग की मरम्मत या जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो सकी है।

कुछ हिस्सों में सड़क, यादव टोला का रास्ता उपेक्षित

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में कुछ प्रतिष्ठित लोगों के घरों के सामने सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन गणेश शुक्ला के घर से यादव टोला की ओर जाने वाले मार्ग की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है। करीब दो दशक से बदहाल इस रास्ते को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।

Advertisement

ग्रामीणों का कहना है कि आखिर इस मार्ग की मरम्मत कब होगी और उन्हें कीचड़ व गंदगी से कब निजात मिलेगी।

प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारियों से मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराने और जल्द सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि स्थायी समाधान होने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में राहत मिलेगी।

फिलहाल ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों पर ग्राम प्रधान का पक्ष सामने नहीं आया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page