भदोही
मौलाना अब्दुल फाजिल शाह के मजार पर 117वां उर्स शुरू, दूर-दराज से पहुंचे जायरीन
घोसिया में सुबह से अकीदतमंदों की भीड़, चादरपोशी के साथ अमन-चैन और सलामती के लिए होगी दुआ
घोसिया-भदोही। नगर पंचायत घोसिया के वार्ड नंबर छह स्थित मौलाना अब्दुल फाजिल शाह के मजार पर 117वां उर्स श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हो गया। उर्स में शामिल होने के लिए सुबह से ही स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज से जायरीन पहुंचने लगे। मजार परिसर और आसपास के क्षेत्र में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब चार बजे गुस्ल और फज्र की नमाज के साथ हुई। इसके बाद कुरानख्वानी का आयोजन किया गया। दोपहर की नमाज के बाद गागर और चादर का जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मजार पर पहुंचेगा। इसके बाद दरूद-ओ-सलाम के बीच चादरपोशी की रस्म अदा की जाएगी।
उर्स को लेकर मजार परिसर को झालरों, फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। आसपास मिठाई, अगरबत्ती, चादर और खिलौनों की दुकानें भी सज गई हैं। दुकानों और जायरीनों की भीड़ के कारण पूरे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल बना हुआ है।
उर्स में घोसिया सहित आसपास के क्षेत्रों और दूर-दराज से आए जायरीन शामिल हो रहे हैं। श्रद्धालु मजार पर पहुंचकर अकीदत के साथ चादरपोशी और दुआ में शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार उर्स के दौरान घोसिया समेत पूरे देश में अमन-चैन, खुशहाली और सलामती के लिए दुआ की जाएगी। उर्स को लेकर लोगों में उत्साह बना हुआ है और मजार परिसर में लगातार जायरीनों की आवाजाही जारी है।
