मिर्ज़ापुर
भाद्र पूर्णिमा पर विंध्यधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब
भोर से ही दर्शनार्थियों की लगी कतार, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
विंध्याचल। भाद्र पूर्णिमा के अवसर पर शनिवार को मां विंध्यवासिनी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही विभिन्न मार्गों से श्रद्धालु मां के दर्शन-पूजन के लिए धाम पहुंचे और कतार में लग गए। सुबह करीब चार से पांच बजे होने वाली मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया।
न्यू वीआईपी रोड नंबर दो स्थित गेट पर दर्शनार्थियों के लिए तीन कतारें लगाई गई थीं। यहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रही। वहीं जयपुरिया गली और पक्का घाट की ओर से आने वाले श्रद्धालु सेकेंड द्वार पर दो कतारों में लगकर दर्शन करते रहे।
थाना कोतवाली रोड स्थित गेट नंबर तीन से झांकी दर्शन की व्यवस्था की गई थी। यहां श्रद्धालुओं की चार से पांच कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु बारी-बारी से झांकी दर्शन कर गेट नंबर तीन से बाहर निकलते रहे। भीड़ के चलते पूरे दिन विंध्यधाम क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।
सुरक्षा व्यवस्था रही मुस्तैद
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मंदिर सुरक्षा पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। पुलिसकर्मियों ने विभिन्न मार्गों और दर्शन कतारों पर लगातार निगरानी रखी और भीड़ को व्यवस्थित कराया।
पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई, जिससे श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध तरीके से मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। भाद्र पूर्णिमा के चलते पूरे दिन धाम में धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार आती-जाती रही।
