भदोही
भदोही में भारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट
विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
26 से 27 सितंबर तक भारी वर्षा, मेघ गर्जन और 60 किमी प्रति घंटा तक तेज हवाओं की संभावना; डीएम ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
भदोही। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में 26 से 27 सितंबर 2026 के बीच अगले 24 घंटों में भारी वर्षा, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाओं की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष शैलेष कुमार ने सभी संबंधित विभागों और रेस्क्यू टीमों को हाई अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मौसम संबंधी चेतावनी का ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने को कहा है।
जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी
जिलाधिकारी ने रेस्क्यू टीमों की तैनाती और उनकी तत्परता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को विद्युत सुरक्षा एवं आपूर्ति की सुरक्षित व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। नगरीय निकायों को संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल कार्रवाई के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया है।
खतरनाक जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग, घेराबंदी और यातायात डायवर्जन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में जलभराव तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे और जर्जर मकानों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
किसी दुर्घटना, जलभराव अथवा जनहानि की सूचना मिलते ही तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के साथ आवश्यकता के अनुसार संबंधित टीमों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों को भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखने को कहा गया है। जरूरत पड़ने पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस और होमगार्ड की सेवाएं लेने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। तेज हवा और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों, होर्डिंग, विद्युत खंभों और तारों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
क्या करें—
- सुरक्षित स्थान पर रहें और छतों व खुले स्थानों से दूर रहें।
- बिजली के खंभों, तारों और विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखें।
- पेड़, होर्डिंग, कच्चे मकान और जर्जर भवनों के पास न जाएं।
- जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
- आपात स्थिति में 112/108 अथवा संबंधित अधिकारी को सूचना दें।
- मौसम की ताजा जानकारी और चेतावनियों के लिए ‘सचेत (SACHET) ऐप’ पर नजर रखें।
क्या न करें—
- खुले में न घूमें और पेड़ों के नीचे आश्रय न लें।
- वज्रपात के दौरान विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखें।
- नदियों, नालों, तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं।
- अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर कच्चे और जलमग्न मार्गों पर।
- तेज हवाओं के दौरान कमजोर और जर्जर संरचनाओं के आसपास न जाएं।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
