Connect with us

गाजीपुर

तेज हवा-बारिश से नंदगंज क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ध्वस्त, रात से आपूर्ति ठप

Published

on

Loading...
Loading...

कई गांवों में बिजली के खंभे व तारों पर गिरे पेड़, पेयजल के लिए ग्रामीण परेशान

नंदगंज-गाजीपुर। क्षेत्र में कई दिनों से जारी पश्चिमी विक्षोभ के बीच शुक्रवार की रात तेज हवा के साथ हुई बारिश ने नंदगंज विद्युत उपकेंद्र की आपूर्ति व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। बाघी, नंदगंज बाजार सहित विभिन्न ग्रामीण फीडरों से जुड़े दर्जनों गांवों में बिजली के तारों और लाइनों पर पेड़ गिरने तथा तार टूटने के कारण रात से ही विद्युत आपूर्ति ठप है। सादात से नंदगंज पावर हाउस को आने वाली मेन लाइन में भी फाल्ट होने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार बाघी फीडर के लोनेपुर गांव में रामलाल के घर के पास एलटी लाइन पर पेड़ गिर गया। पचारा गांव में डॉ. बालगोविंदा के घर के पास ट्रांसफार्मर के समीप एलटी तार टूट गया। नारीपचदेवरा में बिहारी हाल्ट के पास भी तार टूटने की सूचना है। सरौली गांव में मंटू यादव के घर के पास न्यूट्रल तार टूट गया।

नंदगंज फीडर के बरहपुर गांव में गौरव सिंह के घर के पास 11 हजार वोल्ट की लाइन पर बकाइन का पेड़ गिरने से चारों तार आपस में सट गए। वहीं सुरेंद्र कुशवाहा के पंपिंग सेट के पास भी 11 हजार वोल्ट की लाइन पर पेड़ गिर गया। नंदगंज थाना परिसर में सागौन का पेड़ बिजली के तार पर गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।

Advertisement

धरवां गांव में अनिल कुमार भारती के घर के पास एलटी तार टूट गया, जबकि धरवां कुशवाहा बस्ती में दुर्गेश कुशवाहा के घर के पास 440 वोल्ट की लाइन पर पेड़ गिर गया। इसके अलावा क्षेत्र के कई अन्य स्थानों पर भी बिजली के खंभे गिरने और तार टूटने की जानकारी सामने आई है।

पेयजल को लेकर बढ़ी परेशानी

बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों के सामने पेयजल का संकट भी खड़ा हो गया है। बिजली से चलने वाले पंप और अन्य संसाधन बंद होने के कारण लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीण विद्युत विभाग के कर्मचारियों के पहुंचने और क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

फिलहाल विद्युत आपूर्ति कब तक बहाल होगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो पेयजल समेत रोजमर्रा के कामकाज में लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page