Connect with us

भदोही

नाबालिग से जुड़े अपराध में दोषी को 20 वर्ष की सजा, 50 हजार रुपये जुर्माना

Published

on

Loading...
Loading...

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हुई प्रभावी पैरवी

भदोही/गोपीगंज। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत महिला एवं बाल संबंधी अपराधों में दोषी अभियुक्तों को अधिकतम और त्वरित दंड दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में भदोही पुलिस को सफलता मिली है। गोपीगंज थाना क्षेत्र के एक मामले में न्यायालय ने दोषी अभियुक्त अखिलेश यादव को 20 वर्ष के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया है।

2024 में दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस के अनुसार जगनन्दनपट्टी (किशुनदेवपुर), थाना गोपीगंज निवासी अखिलेश यादव के खिलाफ मु0अ0सं0 96/2024 के तहत धारा 363, 366, 376 भारतीय दंड संहिता, पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/4 तथा एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(v) में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वैज्ञानिक विवेचना और साक्ष्य संकलन

भदोही पुलिस के अनुसार मामले में वैज्ञानिक तरीके से विवेचना करते हुए साक्ष्यों का संकलन किया गया और अल्प समय में आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया। पुलिस का कहना है कि मजबूत साक्ष्यों और प्रभावी अभियोजन पैरवी के चलते मामले में दोषसिद्धि हुई।

विशेष न्यायालय ने सुनाई सजा

पुलिस के मुताबिक स्थानीय पुलिस, मॉनिटरिंग सेल और एडीजीसी धीरज शुक्ला की प्रभावी पैरवी के बाद विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो), ज्ञानपुर, भदोही के न्यायालय ने अखिलेश यादव को पॉक्सो अधिनियम की धारा 3/4(2) के तहत 20 वर्ष के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। जुर्माना अदा नहीं करने पर छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

Advertisement

दोषियों को सजा दिलाने की कार्रवाई जारी

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत महिला एवं बाल संबंधी अपराधों में दोषी अभियुक्तों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भदोही पुलिस ने कहा कि प्रभावी विवेचना, साक्ष्य संकलन और अभियोजन की पैरवी के माध्यम से दोषियों को दंडित कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page