गोरखपुर
नीले ड्रम में चोरी का पेट्रोल-डीजल भरकर बेचने वाले चार गिरफ्तार
गोरखपुर। टैंकरों से पेट्रोल-डीजल चोरी कर सस्ते दामों पर बेचने के आरोप में चिलुआताल पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए पेट्रोल-डीजल को नीले ड्रमों में भरकर रखते थे और बाजार भाव से करीब 10 से 15 रुपये कम कीमत पर बेचते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महराजगंज के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर निवासी रामदेव, खोराबार के प्यासी बाजार निवासी तारकेश्वर, गुलरिहा के बेलवारायपुर निवासी शिव कुमार और चौरीचौरा के बंसहिया निवासी अनंत के रूप में हुई है।
चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह के अनुसार उपनिरीक्षक आशीष सिंह पुलिस टीम के साथ मजनू चौकी क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान जमुआड़ अंडरपास के पास एक टिनशेड में टैंकर से पेट्रोल-डीजल चोरी किए जाने की सूचना मिली। पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने मौके पर पहुंचकर टिनशेड की घेराबंदी की। वहां चार लोग टैंकर से पाइप के जरिए बाल्टी में पेट्रोल निकालते मिले।
पुलिस ने मौके से पांच नीले ड्रमों में रखा करीब 600 लीटर पेट्रोल, 20 लीटर की प्लास्टिक बाल्टी, कीप, पाइप और टैंकर बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे टैंकर को रास्ते में सुरक्षित स्थान पर रोककर उसमें से पेट्रोल-डीजल निकाल लेते थे। बाद में इसे नीले ड्रमों में रखकर 10 से 15 रुपये प्रति लीटर कम कीमत पर बेचते थे।
एक साल पहले भी वायरल हुआ था वीडियो
स्थानीय लोगों के मुताबिक जंगल कौड़िया-कालेसर फोरलेन पर जमुआड़ गांव के अंडरपास के पास पेट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकर अक्सर एक चहारदीवारी के भीतर जाते थे। आरोप है कि इसी दौरान टैंकरों से तेल निकाला जाता था। करीब एक वर्ष पहले भी यहां तेल चोरी से संबंधित वीडियो वायरल होने की बात सामने आई थी।
पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी किए गए पेट्रोल-डीजल को किन लोगों को बेचा जाता था और इस गतिविधि में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
