गाजीपुर
बहरियाबाद में आवारा कुत्तों का आतंक, पांच मासूमों को बनाया निशाना
झुंड में घूम रहे कुत्तों से ग्रामीणों में दहशत, कई मवेशी भी हुए घायल
बहरियाबाद (गाजीपुर)। बहरियाबाद क्षेत्र के आराजी कस्बा स्वाद, चकफरीद समेत कई गांवों में आवारा कुत्तों के झुंड से लोगों में दहशत है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से कुत्ते लगातार लोगों और मवेशियों पर हमला कर रहे हैं। देर शाम पांच छोटे बच्चों को कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया। सभी बच्चों की उम्र पांच वर्ष से कम बताई गई है।
घर के बाहर निकली बच्ची पर हमला
चकफरीद गांव में घर से बाहर निकली एक तीन वर्षीय बच्ची पर दो कुत्तों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के पहुंचने से पहले कुत्तों ने बच्ची को घायल कर दिया। परिजन उसे उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया गया।
कई बच्चों को बनाया शिकार
इसी गांव में एक अन्य बच्ची और एक बालक को भी कुत्ते के काटने की घटना सामने आई। बालक को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया। आराजी कस्बा स्वाद में भी दो बच्चों पर कुत्तों के हमले की जानकारी सामने आई। घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के बाद जरूरत के अनुसार रेफर किया गया।
मवेशियों पर भी हमले का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि आवारा कुत्तों ने कई मवेशियों को भी काटकर घायल किया है। झुंड में घूमते कुत्तों के कारण राहगीरों में भय का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग
आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से अभियान चलाकर कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
