गाजीपुर
करमपुर के मैदान से चीन तक चमके अजीत-आशु, लौटे तो हुआ जोरदार सम्मान
जूनियर एशिया कप में भारत को चैंपियन बनाने वाले खिलाड़ियों का मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में स्वागत
खानपुर (गाजीपुर)। चीन में आयोजित जूनियर एशिया कप में भारतीय हॉकी टीम को चैंपियन बनाने के बाद करमपुर लौटे अजीत यादव और आशु मौर्य का गुरुवार को मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में जोरदार स्वागत किया गया। इसी मैदान से दोनों खिलाड़ियों ने हॉकी की शुरुआती बारीकियां सीखी थीं। साथी खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने दोनों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
अजीत ने छह, आशु ने किए दो गोल
जूनियर एशिया कप में अजीत यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह गोल किए, जबकि आशु मौर्य ने दो गोल दागे। फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
युवा खिलाड़ियों को बांटी हॉकी किट
सम्मान समारोह में अजीत यादव ने स्टेडियम के युवा खिलाड़ियों को हॉकी किट और खेल सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उचित प्रशिक्षण, संसाधन और मार्गदर्शन मिलने पर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं।
उपलब्धि से युवाओं को मिली प्रेरणा
पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम लंबे समय से खिलाड़ियों को तैयार कर रहा है। यहां से प्रशिक्षण लेकर कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे हैं। अजीत और आशु की उपलब्धि क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
खिलाड़ियों ने किया स्वागत
इस अवसर पर स्टेडियम संचालक अनिकेत सिंह, कोच इंद्रदेव राजभर, पूजा सिंह, स्वामी, कुश्ती कोच अदालत यादव, सिकंदर सोनकर, मनोज सिंह, अवधेश यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।
