गोरखपुर
मनबढ़ों ने ऑटो चालक को पीटा
इंडिकेटर देने को लेकर हुआ विवाद, पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
गोलाबाजार, गोरखपुर, 4 सितंबर। गोला उपनगर की सब्जी मंडी में गुरुवार की रात एक ऑटो चालक की कुछ मनबढ़ युवकों ने पिटाई कर दी। पीड़ित की तहरीर पर गोला थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
बेलनापार गांव निवासी संजीत तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ऑटो चालक है। वर्तमान में बाबा बागेश्वर धाम का शिष्य बनने के कारण उसने दाढ़ी रखी हुई है। गुरुवार रात करीब आठ बजे वह ऑटो लेकर घर जा रहा था। गोला-कौड़ीराम मार्ग स्थित इंटर कॉलेज के सामने वह ऑटो मोड़ने के लिए इंडिकेटर देकर वाहन रोक रहा था। इसी दौरान अपाचे बाइक सवार एक युवक पहुंचा और इंडिकेटर देने की बात को लेकर उससे विवाद करने लगा।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया, जिसके बाद बाइक सवार युवक वहां से चला गया। संजीत आगे बढ़कर गोला सब्जी मंडी में सब्जी लेने लगा। आरोप है कि कुछ देर बाद वही युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और संजीत के साथ मारपीट करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे बचाया।
पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
