चन्दौली
चकिया में 7 सितंबर को संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह
25 शिक्षाविदों व शिक्षक-शिक्षिकाओं को मिलेगा ‘शिक्षा रत्न सम्मान-2026’, आधुनिक शिक्षा प्रणाली पर होगा मंथन
चकिया, चंदौली। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 25 विद्वान सहायक प्रोफेसर, प्रभारी प्राचार्य, प्रभारी प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को ‘शिक्षा रत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन 7 सितंबर को चकिया तहसील मुख्यालय स्थित आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में सुबह 11 बजे किया जाएगा।
सम्मान समारोह के साथ ‘आधुनिक शिक्षा प्रणाली का महत्व’ विषय पर संगोष्ठी भी आयोजित होगी। कार्यक्रम में चकिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक कैलाश आचार्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
विशिष्ट अतिथियों में संयुक्त शिक्षा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, वाराणसी मंडल दिनेश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक चंदौली धर्मेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंदौली सचिन यादव तथा नगर पंचायत चकिया के चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव शामिल रहेंगे।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता एवं अध्यक्षता प्रोफेसर ओम प्रकाश सिंह, पूर्व निदेशक, मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान, काशी विद्यापीठ, वाराणसी करेंगे। उनके नेतृत्व में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, उसकी उपयोगिता और बदलते शैक्षिक परिवेश पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों एवं शिक्षकों को सम्मानित करना और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद स्थापित करना है।
आयोजकों ने सभी सम्मानित आमंत्रित विद्वानों एवं शिक्षकगणों से समारोह में सादर उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।
