चन्दौली
बाबा कीनाराम जन्मोत्सव पर 24 घंटे सफाई, बिजली और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
10 से 12 सितंबर तक होने वाले समारोह को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश, झूलों के संचालन से पहले होगी जांच
चंदौली। बाबा कीनाराम जन्मोत्सव समारोह को भव्य, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। 10 से 12 सितंबर तक होने वाले समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने संबंधित विभागों और मंदिर प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समारोह के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए 24 घंटे सफाई, पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंदिर परिसर और आसपास चिकित्सा व्यवस्था, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम तथा खोया-पाया केंद्र भी सक्रिय रूप से संचालित किए जाएं। दर्शन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
डीएम ने परिसर में अग्निशमन वाहन सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बारिश के मौसम को देखते हुए उन्होंने झूलों की सुरक्षा को लेकर भी सख्ती बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना जांच और सुरक्षा मानकों की पुष्टि के मेले में किसी भी झूले का संचालन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
शांति एवं यातायात व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने क्षेत्राधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मेला क्षेत्र में रूट डायवर्जन और पार्किंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न उठानी पड़े।
बैठक में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी पारितोष मिश्रा, मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने समारोह से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का भरोसा दिलाया।
